
600 से अधिक पुलिसकर्मी रहे मैदान में, 64 स्थाई और 204 गिरफ्तारी वारंट तामील
सागर। अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने सागर पुलिस ने मंगलवार रात जिलेभर में एक साथ सघन कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में चले अभियान में 600 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी पूरी रात मैदान में रहे। अभियान के दौरान कुल 287 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार अभियान में 64 स्थाई वारंट तामील किए गए, जबकि 204 गिरफ्तारी वारंट में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं धारा 170 बीएनएसएस के तहत 15 आरोपियों पर कार्रवाई की गई तथा गंभीर मामलों में फरार चल रहे 4 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
328 गुंडा-हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग
कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने 328 गुंडा, हिस्ट्रीशीटर एवं निगरानी अपराधियों की भौतिक रूप से चेकिंग की। उनकी गतिविधियों और आवागमन की जानकारी भी जुटाई गई। इसके अलावा 183 होटल, ढाबों एवं संदिग्ध स्थानों पर औचक दबिश देकर जांच की गई।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अवैध शराब के मामले में 4 प्रकरण दर्ज कर शराब जब्त की गई। यातायात एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई हुई। खुरई थाना क्षेत्र में धारा 185 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई सहित अभियान में कुल 287 मामलों में कार्रवाई की गई।
एसपी पूरी रात रहे फील्ड में
अभियान की मॉनिटरिंग पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने स्वयं फील्ड में रहकर की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी, सीएसपी एवं सभी एसडीओपी भी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस टीमों के साथ मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। फरार आरोपियों, वारंटियों और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों के विरुद्ध इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।




