गणेश्वर में संभाग स्तरीय बालिका क्रीड़ा प्रतियोगिता का सम्मान समारोह आयोजित
रिपोर्टर : शिंभू सिंह शेखावत
नीमकाथाना। निकटवर्ती ग्राम गणेश्वर स्थित राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय में आयोजित छह दिवसीय संभाग स्तरीय बालिका क्रीड़ा प्रतियोगिता के सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त पीएमओ डॉ. जी.एस. तंवर ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन में महत्वपूर्ण हैं। खेल शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्फूर्ति, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। उन्होंने बालिकाओं को नियमित प्राणायाम एवं व्यायाम कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
समारोह के मुख्य अतिथि वयोवृद्ध शिक्षाविद् सुमंत शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों में एससीबीईओ राजेश टेलर, सहायक विभागीय अधिकारी कल्पना भास्कर, आयुर्वेद अधिकारी डॉ. प्रदीप शर्मा, प्राचार्य रामानंद शर्मा और विदुषी प्रेम सैनी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने बालिकाओं को खेल भावना, अनुशासन और नियमित अभ्यास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
संस्कृत शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग की 25 और सीनियर वर्ग की 20 टीमों सहित कुल 45 टीमों ने भाग लिया। अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने विद्यालय परिवार और ग्रामीणों की व्यवस्थाओं तथा आतिथ्य की सराहना की। इस दौरान प्रतिभागियों को गणेश्वर की प्राचीन ताम्रकालीन सभ्यता, पुरातात्त्विक स्थल और श्री गालव गंगा तीर्थ के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने ग्रामीणों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।



