सागर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक निकली ‘जल, जन सेवा संकल्प यात्रा’ रविवार को सागर से अगले चरण के लिए रवाना हुई। यात्रा के दौरान बड़ी नदी घाट पर स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और सफाई मित्रों का सम्मान किया गया। इसके बाद चकराघाट से पवित्र जल कलश में एकत्र कर यात्रा वाराणसी की ओर रवाना हुई।
यात्रा में राज्यसभा सांसद मुकेश भाई राथवा, कैबिनेट मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे।
मोतीनगर चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि सेवा भारतीय जीवन परंपरा का हिस्सा है। युवाओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, रक्तदान और योग जैसे सामाजिक सरोकारों से जोड़ना जरूरी है।
विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि हजारों किलोमीटर की यह यात्रा केवल दूरी तय करने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा के विचार को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने नागरिक भागीदारी को शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
राज्यसभा सांसद मुकेश भाई राथवा ने सागर और बुंदेलखंड की ऐतिहासिक विरासत का स्मरण करते हुए कहा कि यात्रा का उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, स्वस्थ भारत, युवा शक्ति और विकसित भारत का संदेश गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाना है। उन्होंने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का भी उल्लेख किया।
कैबिनेट मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की बड़ी ऊर्जा है। उन्होंने सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनसंवाद बढ़ाने पर जोर दिया।
वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद यात्रा बड़ा बाजार, सराफा होते हुए चकराघाट पहुंची। यहां पवित्र जल कलश में एकत्र किया गया। इसके बाद यात्रा पंडित दीनदयाल चौक पहुंची, जहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। गोपालगंज, झंडा चौक होते हुए यात्रा अमर शहीद कालीचरण की प्रतिमा स्थल पहुंची, जहां श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सिविल लाइन और कठवा पुल होते हुए यात्रा मकरोनिया चौराहा पहुंची, जहां नरयावली विधायक प्रदीप लारिया सहित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने स्वागत किया।
दोपहिया वाहनों से नेतृत्व करते नजर आए विधायक और जिलाध्यक्ष
यात्रा के दौरान विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन और भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी दोपहिया वाहनों पर सवार होकर यात्रियों के साथ चलते और नेतृत्व करते नजर आए। महापौर संगीता तिवारी, पार्षदों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने भी विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया।
अनुशासन ने खींचा लोगों का ध्यान
यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बावजूद यातायात व्यवस्था व्यवस्थित बनी रही। स्वागत स्थलों और मोतीनगर चौराहे पर कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान बनाए रखा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद यात्री बिना अव्यवस्था के अगले पड़ाव की ओर रवाना हुए। यात्रा में सेवा और जनभागीदारी के साथ अनुशासन भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि यात्रा में जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।




