सागर
थाना खुरई क्षेत्र में घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े एक व्यक्ति के लिए डायल-112 के जवान मददगार साबित हुए। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल एफआरव्ही वाहन को मौके के लिए रवाना किया। जवानों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ उसके परिजनों से भी संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को सूचना मिली कि खुरई थाना क्षेत्र में ऑडिटोरियम चौराहे के आगे पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है और उसे तत्काल सहायता की आवश्यकता है।
सूचना मिलते ही सागर पुलिस कंट्रोल रूम ने खुरई क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही को मौके के लिए रवाना किया। डायल-112 टीम के आरक्षक अमर वर्मा और पायलट शिवकुमार मौके पर पहुंचे तो एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें थीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवानों ने बिना समय गंवाए घायल को एफआरव्ही वाहन से सीएचसी खुरई पहुंचाया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस जवानों ने घायल के परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी और अस्पताल बुलाया।
इस कार्रवाई में भोपाल स्थित राज्य स्तरीय डायल-112 कंट्रोल रूम, सागर पुलिस कंट्रोल रूम और खुरई में तैनात एफआरव्ही टीम के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। सूचना प्राप्त होने के बाद त्वरित रिस्पॉन्स करते हुए घायल तक मदद पहुंचाई गई।
डायल-112 की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि आपात स्थिति में कुछ मिनटों की तत्परता किसी व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।



