निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने किया औचक निरीक्षण, दुकानदारों को स्वच्छता और रोड मार्किंग के अंदर दुकान लगाने के निर्देश
सागर
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए कटरा बाजार में यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने मंगलवार को कटरा बाजार का औचक निरीक्षण कर दुकानदारों को दुकानें निर्धारित रोड मार्किंग के अंदर लगाने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने कहा कि रेहड़ी-पटरी और अस्थायी दुकानें इस तरह लगाई जाएं कि वाहनों की आवाजाही बाधित न हो। सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ सामान जब्त करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सड़क पर रखी सांची दूध की क्रेटें जब्त कराई गईं। दो व्यापारियों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं सड़क पर कई दिनों से खड़े वाहनों को हटवाकर ऐसे वाहनों की सूची पुलिस को कार्रवाई के लिए देने के निर्देश दिए गए।
निगमायुक्त ने कहा कि मल्टीलेवल कार पार्किंग पूर्ण होने तक कटरा क्षेत्र के वाहन मालिक पद्माकर स्कूल मैदान में वाहनों की पार्किंग करें। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से रक्षाबंधन के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बाजार व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।




