सिविल लाइन हॉकर जोन का भी निरीक्षण, खाद्य मानकों के पालन के दिए सख्त निर्देश
सागर
आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावट के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देशन एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आदेशानुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सिविल लाइन स्थित गुजरात स्वीट्स एवं पीएम बेकर्स का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों की खाद्य अनुज्ञप्तियां वैध पाई गईं। टीम ने गुजरात स्वीट्स से पेड़ा, छेना अंगूरी, नमकीन एवं फलहारी मिक्सचर तथा पीएम बेकर्स से सेलिब्रेशन पैक और केक पुंज के नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
इसके अलावा चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के साथ सिविल लाइंस स्थित हॉकर जोन का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप वर्मा एवं शीतल सिंह द्वारा की गई।




