
700 से अधिक पुलिसकर्मी मैदान में उतरे, 339 वैधानिक कार्रवाइयों से अपराधियों में मचा हड़कंप
सागर। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने और फरार अपराधियों व वारंटियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में सागर पुलिस ने रातभर व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। अभियान की खास बात यह रही कि एसपी सुजानिया ने स्वयं पूरी रात कार्रवाई की मॉनिटरिंग की और मैदानी टीमों से लगातार फीडबैक लेते रहे।
अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी सहित जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और 700 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे। सागर शहर से लेकर दूरस्थ ग्रामीण थाना क्षेत्रों तक पुलिस टीमों ने एक साथ दबिश देकर वारंटियों, फरार आरोपियों, गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों की सघन चेकिंग की।
कटरा बाजार से शुरू हुआ अभियान
कॉम्बिंग गश्त की शुरुआत कटरा बाजार में हुई, जहां एसपी अनुराग सुजानिया ने पुलिस बल को स्वयं ब्रीफ कर अभियान की रणनीति और प्राथमिकताओं के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए। वहीं देहात क्षेत्र के पुलिस बल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिशा-निर्देश देकर एक साथ रवाना किया गया।
330 से अधिक प्रभावी कार्रवाई
अभियान के दौरान जिलेभर में 112 स्थाई वारंट, 200 गिरफ्तारी वारंट तामील कर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। इसके अलावा धारा 170 BNSS के तहत 12 कार्रवाई, 9 अन्य फरार आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा अवैध शराब के 9 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने 213 गुंडा एवं हिस्ट्रीशीटरों की भी चेकिंग की। अभियान में कुल 339 प्रमुख वैधानिक कार्रवाइयां की गईं।
एसपी की सक्रिय मॉनिटरिंग बनी अभियान की खासियत
पूरी रात एसपी अनुराग सुजानिया द्वारा कार्रवाई की लगातार निगरानी किए जाने से पुलिस टीमों में भी विशेष सक्रियता नजर आई। वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर थाना स्तर के पुलिसकर्मियों तक ने पूरी मुस्तैदी के साथ अभियान को अंजाम दिया। पुलिस टीमों ने चिन्हित अपराधियों के घरों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी तथा हिस्ट्रीशीटरों की वर्तमान गतिविधियों और स्थिति का सत्यापन किया।
एसपी अनुराग सुजानिया की इस योजनाबद्ध और व्यापक कार्रवाई की पुलिस महकमे में भी सराहना की जा रही है। उनके नेतृत्व में एक ही रात में जिलेभर में एक साथ की गई कार्रवाई ने फरार अपराधियों और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से बच निकलना आसान नहीं है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि सागर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। फरार वारंटियों, अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस की अचानक और प्रभावी कॉम्बिंग गश्त आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।




