10 हजार का इनामी आरोपी भी दबोचा, फरार बदमाशों की गिरफ्तारी से दो सनसनीखेज मामलों का खुलासा
सागर,
थाना मोतीनगर पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास के दो चर्चित मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे सभी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में हत्या के मामले का ₹10 हजार का इनामी आरोपी भी शामिल है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को पुरानी रंजिश के चलते प्रियांशु रजक और उसके भाई प्राजुल रजक पर चाकुओं से जानलेवा हमला किया गया था। इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी कौशल साहू (33) को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस प्रकरण के अन्य चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
वहीं, 21 मई 2026 को मयंक साहू की गोली मारकर हत्या के मामले में फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी आरोपी ओम अहिरवार (22) को भी मोतीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पूर्व में अन्य आरोपियों और दो अपचारी बालकों की गिरफ्तारी हो चुकी थी।
पुलिस का कहना है कि प्रभावी मुखबिर तंत्र, लगातार दबिश और वैज्ञानिक विवेचना के आधार पर दोनों मामलों के सभी मुख्य आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में गंभीर अपराध करने वाले और फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



