टेंट के नीचे हुआ भव्य आयोजन, नौकाओं, दीपों और भक्ति से सजा झील तट; स्वच्छता का संदेश भी दिया गया
सागर
लाखा बंजारा झील के विठ्ठल मंदिर घाट पर सोमवार को हल्की बारिश के बीच टेंट लगाकर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। मौसम की फुहारें भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकीं और बड़ी संख्या में लोगों ने आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की।
रंग-बिरंगी रोशनी से सजी नौकाओं, झील में प्रवाहित दीपों और धूप-कपूर की सुगंध से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
गंगा आरती अब केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि शहर में स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जनजागरण का भी माध्यम बन रही है। आयोजन के कारण चकराघाट क्षेत्र में नागरिकों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे नौकायन, स्थानीय व्यापार और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है।
आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक सोमवार होने वाली गंगा आरती में शहर का कोई भी श्रद्धालु मुख्य यजमान बन सकता है। इच्छुक नागरिक आरती शुरू होने से 30 मिनट पहले संपर्क कर सहभागिता कर सकते हैं।




