सागर
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर कृषि विभाग ने अवैध उर्वरक भंडारण एवं विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कैंट थाना क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 21.25 लाख रुपये मूल्य का उर्वरक और ट्रक जब्त किया गया। मामले में दो कारोबारियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
कृषि विकास अधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक शिवकांत सिंह राजपूत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुरई रोड स्थित ग्राम गढ़ौली खुर्द के कुडारी क्षेत्र में एक मकान में अवैध रूप से उर्वरक का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर कृषि विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ छापा मारा।
छापेमारी के दौरान ट्रक (MP 09 HH 2213) से उर्वरक की बोरियां उतारकर मकान में रखी जा रही थीं। मौके से 500 बोरी (25 हजार किलोग्राम) बेंटोनाइट ग्रेन्यूल्स बरामद किए गए, जिनमें 230 बोरी ट्रक में तथा 270 बोरी मकान के अंदर रखी मिलीं। जब्त उर्वरक की कीमत 1.25 लाख रुपये तथा ट्रक की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान आरोपी प्रदीप साहू वैध भंडारण अथवा खरीदी-बिक्री से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कृषि विभाग की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने मेसर्स माँ हरसिद्धि एग्रो के संचालक प्रदीप साहू एवं गुजरात के सहदेव फर्टिलाइजर्स के संचालक महेश रामजी भाई चौहान के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 तथा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 0332/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
उर्वरक के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी अनिल राय, एडीए अंकित रावत, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आर.डी. लडिया, भूपेंद्र राजपूत, शिवकांत राजपूत, राघवेंद्र राजपूत एवं कुलदीप क्रिश्चियन सहित कृषि विभाग का अमला मौजूद रहा।




