मुंबई श्रीराम साहू
महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर सागर जिले का नाम एक बार फिर रोशन हुआ है। सागर की बेटी और 2010 बैच की आईपीएस अधिकारी विनीता साहू को मुंबई में उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रतिष्ठित डीजी इंसिग्निया से सम्मानित किया गया है। महाराष्ट्र दिवस के मौके पर मुंबई में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के पद पर पदस्थ आईपीएस विनीता साहू को उनकी अनुकरणीय सेवा और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए डीजी प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया।
डीजी इंसिग्निया पुलिस विभाग का एक प्रतिष्ठित सम्मान है, जो उन अधिकारियों को दिया जाता है जिन्होंने अपने कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण, उत्कृष्ट सेवा और उच्च स्तर की पेशेवर क्षमता का प्रदर्शन किया हो।
इस सम्मान के लिए आमतौर पर स्वच्छ सेवा रिकॉर्ड और लंबा अनुभव आवश्यक होता है। विनीता साहू की इस उपलब्धि से सागर जिले में गर्व और खुशी का माहौल है।




