सागर
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 के अंतर्गत नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। निगमायुक्त ने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा है कि शहर की स्वच्छता को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्वच्छता अधिकारी राजेश सिंह राजपूत को निर्देशित किया है कि सभी 8 जोनों के अंतर्गत आने वाले वार्डों में ज़ोन प्रभारी नियमित निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी सार्वजनिक दीवार, शासकीय भवन या पेंटिंग की गई दीवारों पर पोस्टर-पंपलेट न लगाए जाएं। यदि निरीक्षण के दौरान किसी संस्था या व्यक्ति द्वारा पोस्टर या पंपलेट लगाए जाना पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालानी कार्रवाई भी की जाए।
निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि सागर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सभी नागरिक, स्कूल, छात्र ,सामाजिक संस्थाएं एवं व्यावसायिक संगठन सक्रिय सहभागिता करें, ताकि स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में नगर को बेहतर रैंक प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर केवल प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही संभव है। अतः सभी नागरिक सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।




