निगमायुक्त राजकुमार खत्री की चेतावनी—आज ही आवंटित भूखंडों पर शिफ्ट करें डेयरियां, नहीं तो दर्ज होगी एफआईआर
सागर। शहर में डेयरियों को निर्धारित डेयरी विस्थापन परियोजना हफसिली में शिफ्ट नहीं करने वाले संचालकों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। निगमायुक्त राजकुमार खत्री के निर्देश पर सूबेदार वार्ड में कार्रवाई करते हुए पांच डेयरियों के पशुओं को पकड़कर वाहनों से हफसिली भेजा गया।
कार्रवाई के दौरान कल्लू यादव, राजेश यादव, कुंजी साहू, सुरेश साहू एवं पप्पू साहू की डेयरियों से पशुओं को पकड़ा गया। नगर निगम के अनुसार, संबंधित डेयरी संचालकों को हफसिली में भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं, इसके बावजूद उन्होंने अपनी डेयरियां शिफ्ट नहीं की थीं।
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने सभी डेयरी संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे आज ही आवंटित भूखंडों पर अपनी डेयरियां शिफ्ट करें। ऐसा नहीं करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि डेयरी विस्थापन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



