रात दो बजे दबिश देकर पकड़ा आयरन पत्थर का अवैध परिवहन, रेंजर रवि सिंह भाटी के कार्यकाल में पांचवीं बड़ी कार्रवाई
रिपोर्टर : शिभू सिंह शेखावत
पाटन। नीमकाथाना विधानसभा क्षेत्र के पाटन में वन विभाग की टीम ने अवैध खनन और आयरन पत्थर के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। विभाग की टीम ने यह कार्रवाई बीती रात करीब दो बजे की।
उपवन संरक्षक सीकर प्रदीप कुमार और सहायक वन संरक्षक कीर्ति राठौड़ के निर्देशन में पाटन रेंजर रवि सिंह भाटी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। बताया गया कि अवैध खनन में लिप्त लोगों द्वारा निगरानी के लिए बाइक और गाड़ियों से रेकी की जा रही थी। इस दौरान खनन से जुड़े लोगों द्वारा एक निजी वाहन को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने की बात भी सामने आई है।
जुलाई 2026 में पाटन में पदस्थापना के बाद रेंजर रवि सिंह भाटी के नेतृत्व में अवैध खनन के खिलाफ यह पांचवीं बड़ी कार्रवाई बताई गई है। कार्रवाई में फॉरेस्टर रामकुमार गुर्जर, जगदीश शर्मा, सहायक वनपाल रामकिशोर मीणा तथा वनरक्षक बाबूलाल खोखर और कृष्ण सिंह तंवर की प्रमुख भूमिका रही।
वन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



