जयपुर रिपोर्टर शिंभू सिंह शेखावत
जयपुर जिले में नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन सोमवार को अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले के 19 नगरीय निकायों के 690 वार्डों में सदस्य पद के लिए अंतिम दिन 3,549 अभ्यर्थियों ने 4,099 नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही तीन दिनों में कुल 4,238 अभ्यर्थियों ने 4,884 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन 27 अगस्त को 39 अभ्यर्थियों ने 48 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। वहीं 29 अगस्त को 650 अभ्यर्थियों ने 737 नामांकन पत्र दाखिल किए। अंतिम दिन नामांकन प्रक्रिया में तेजी आई और 3,549 अभ्यर्थियों ने 4,099 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
जयपुर नगर निगम में सबसे अधिक नामांकन
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए सर्वाधिक 1,392 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं, जिनमें 1,253 अभ्यर्थी शामिल हैं। चौमूं नगर परिषद में 234 नामांकन पत्र 205 अभ्यर्थियों ने, शाहपुरा में 533 नामांकन पत्र 432 अभ्यर्थियों ने तथा चाकसू नगरपालिका में 365 नामांकन पत्र 269 अभ्यर्थियों ने दाखिल किए।
अन्य नगरीय निकायों में बगरू में 210, बस्सी में 211, दूदू में 171, जमवारामगढ़ में 164, जोबनेर में 109, कालाडेरा में 113, कानोता में 74, खेजरोली में 162, किशनगढ़-रेनवाल में 144, मनोहरपुर में 223, नारायणा में 170, फागी में 196, फुलेरा में 108, सांभर में 172 तथा वाटिका में 133 नामांकन पत्र दाखिल हुए।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।




