सागर,
थाना सिविल लाइन पुलिस ने नए बस स्टैंड के सामने हुए अंधे कत्ल का मात्र 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर जप्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को नए बस स्टैंड के सामने स्थित खाली मैदान में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान महेन्द्र अहिरवार (35) निवासी किशोर न्यायालय बस्ती, सागर के रूप में की। मृतक के भाई सुरेन्द्र अहिरवार की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक मकरोनिया ललित कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी सीताराम पटैल निवासी तिली, सागर को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महेन्द्र अहिरवार के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर उसका विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने पर उसने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर महेन्द्र की हत्या कर दी और फरार हो गया।
आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
इस मामले के त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक सुरेन्द्र, प्रधान आरक्षक लखन, कपिल, सतीश बेन, मोहन मुरारी, सौरभ रैकवार सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।



