
सत्यम होटल परिसर से 27 पाव शराब और ₹4,500 नकद बरामद, दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई
सागर
जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ सागर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में बहेरिया पुलिस ने 29 अगस्त को कर्रापुर और एनएच-44 स्थित सत्यम होटल परिसर में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बरामद की। कर्रापुर में पुलिस ने मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताई जा रही संदिग्ध शराब और बड़ी मात्रा में महुआ लहान बरामद कर मौके पर नष्ट किया, जबकि सत्यम होटल परिसर से अवैध शराब सहित कुल 7,500 रुपये का मशरूका बरामद किया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
कर्रापुर में पुलिस को देखकर आरोपी फरार
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि कर्रापुर में एक व्यक्ति अमानक एवं मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक शराब बेच रहा है। पुलिस टीम ने बताए स्थान पर दबिश दी तो एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक का कुप्पा छोड़कर भाग गया। तलाशी में करीब 5 लीटर मटमैले रंग की तीखी गंध वाली संदिग्ध शराब मिली, जिसकी कीमत करीब 500 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में फरार आरोपी की पहचान सेवक अहिरवार के रूप में हुई। उसके घर के आंगन की तलाशी लेने पर विभिन्न कुप्पों में अवैध देशी शराब बनाने के लिए रखा महुआ लहान मिला, जिसे पुलिस ने मौके पर नष्ट कर दिया। आरोपी के खिलाफ धारा 49(ए) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसकी तलाश जारी है।
सत्यम होटल के पास टपरे से शराब बरामद
दूसरी कार्रवाई एनएच-44 स्थित सत्यम होटल परिसर में की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर टपरे से एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सहेन्द्र यादव (30), निवासी ग्राम सडेरी बताया।
टपरे की तलाशी में काउंटर के नीचे गोवा व्हिस्की के 27 पाव, कीमत करीब 3,000 रुपये, मिले। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 4,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए। आरोपी के पास शराब रखने और बेचने का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। उसके खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई में बहेरिया थाना पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




