स्व. नीलम यादव के परिजनों ने किया देहदान, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में शिक्षण-अनुसंधान के लिए सौंपा पार्थिव शरीर
सागर
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर में मानवता और समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए स्वर्गीय कुमारी नीलम यादव के परिजनों ने उनके पार्थिव शरीर का देहदान किया। परिजनों की सहमति एवं आदेश के अनुसार पार्थिव शरीर को एनाटॉमी विभाग में चिकित्सा शिक्षा, शिक्षण-प्रशिक्षण एवं अनुसंधान कार्यों के लिए स्वीकार किया गया।
स्वर्गीय नीलम यादव की आयु 30 वर्ष थी और वे बीना के हाउसिंग बोर्ड बस्ती, राजीव गांधी वार्ड की निवासी थीं। उनके पिता महेन्द्र सिंह यादव एवं भाई सोनू यादव ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय के अनुसार, यह बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में अब तक का 12वां देहदान है। शासन के निर्देशानुसार देहदाता को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. अमर गंगवानी, एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ शंकर रॉय सहित विभाग के अधिकारी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्ष ने देहदाता के परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस महान एवं समाजोपयोगी कार्य के लिए धन्यवाद दिया।
महाविद्यालय परिवार ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के लिए देहदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। स्वर्गीय नीलम यादव के परिवार और रामपाल महाराज के अनुयायियों द्वारा किए गए इस पुण्य कार्य के प्रति महाविद्यालय परिवार ने सम्मान और आभार व्यक्त किया।




