सागर। मकरोनिया थाना क्षेत्र के गायत्री नगर में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में ससुर और बहू के बीच हुए विवाद के दौरान बहू की मौत हो गई। आरोप है कि लगभग 70 वर्षीय पूर्व पुलिसकर्मी रामनरेश दीक्षित ने अपनी बहू पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल ससुर, सास और बहू मौजूद थे, जबकि मृतका का पति सीमा सुरक्षा बल (BSF) में पदस्थ है और ड्यूटी के कारण बाहर था।
घटना की सूचना मिलते ही मकरोनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के कारणों और घटना के पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और बयान के बाद ही हो सकेगी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



