सागर
जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सुरखी पुलिस ने अवैध जुआ संचालन के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं एसडीओपी रहली के मार्गदर्शन में 25 जून की रात आगरा रोड स्थित गौशाला के पीछे संचालित अवैध जुआ फड़ पर पुलिस ने दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान कई जुआरियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि जुआ संचालन का मुख्य आरोपी अंकुष उर्फ प्रताप सिंह चौहान निवासी ग्राम बरकोटी, थाना गौरझामर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया था।
पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार तलाश जारी रखी और 29 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राम बरकोटी में वार्ड बॉय के पद पर कार्यरत है, जबकि उसकी पत्नी वर्तमान में ग्राम पंचायत बरकोटी कला की निर्वाचित सरपंच हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई उसकी कथित आपराधिक गतिविधियों के आधार पर की गई है।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक सत्यव्रत धाकड़ के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह धुर्वे, आरक्षक विकास एवं आरक्षक कामता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



