रिपोर्टर शिंभू सिंह शेखावत
पाली/फालना। जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशन में नगर कांग्रेस कमेटी फालना द्वारा 21 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पालिका कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया गया। नगर अध्यक्ष हितेश (हैप्पी) मेवाड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता झटपटिया बालाजी मंदिर परिसर में एकत्रित हुए, जहां से रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए नगर पालिका कार्यालय पहुंचे।
नगर पालिका कार्यालय में अधिशासी अधिकारी के अनुपस्थित मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परिसर में धरना शुरू कर दिया और उच्च अधिकारी के समक्ष ज्ञापन देने की मांग की। सूचना मिलने पर बाली उपखंड अधिकारी दिनेश बिश्नोई मौके पर पहुंचे, जिन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनकर ज्ञापन प्राप्त किया।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि आम जनता के कार्य समय पर नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न शिविर लगाकर लोगों को गुमराह कर रही है, जबकि इन शिविरों में जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।
ब्लॉक अध्यक्ष यशपाल सिंह राजपुरोहित ने कहा कि प्रशासनिक शिविरों के दौरान अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश होने के बावजूद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी कार्यालय से अनुपस्थित मिले, जो प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण है।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष हितेश (हैप्पी) मेवाड़ा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 21 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो नगर पालिका कार्यालय के बाहर व्यापक धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।
उपखंड अधिकारी दिनेश बिश्नोई ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद आश्वासन दिया कि वे स्वयं नगर पालिका में रहकर सभी समस्याओं की मॉनिटरिंग करेंगे तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
नगर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एडवोकेट विक्रमादित्य सिंह राजपुरोहित ने बताया कि प्रदर्शन में बाली विधानसभा प्रभारी देवी सिंह सिसोदिया, बाली ब्लॉक प्रभारी महेश परिहार, ओबीसी संभाग अध्यक्ष मोती बाबा फुले, देसूरी ब्लॉक अध्यक्ष राकेश चौहान, जिला पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




