रिपोर्टर शिंभू सिंह शेखावत
बहरोड़। भारत विकास परिषद (राठ) शाखा, बहरोड़ द्वारा परिषद के संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश की जयंती के अवसर पर नगर परिषद कार्यालय में क्षय रोग (टीबी) से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों के लिए पोषण किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जरूरतमंद मरीजों को पोषणयुक्त राशन किट प्रदान कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर परिषद आयुक्त नूर मोहम्मद खान ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और रोगग्रस्त लोगों की सेवा करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। उन्होंने भारत विकास परिषद द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
शाखा अध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि परिषद अपने मूल मंत्र “संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण” के अनुरूप निरंतर सेवा गतिविधियां संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंदों के हित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में जिला सह-समन्वयक सतवीर यादव, शाखा संरक्षक सतीश गुप्ता, सचिव खुशवंत जोशी, कोषाध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार यादव, कार्यक्रम गतिविधि प्रभारी रूपकिशोर गुप्ता, प्रकल्प प्रभारी डॉ. भूपेन्द्र यादव, महिला सहभागिता प्रमुख वसंती देवी, डॉ. सुमित यादव, योगेन्द्र राघव सहित परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा समाज सेवा के ऐसे कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।




