भाजपा की संभागीय बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और निरंतर जनसंपर्क पर जोर
सागर। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि पुराने कार्यकर्ता पार्टी की संचित शक्ति हैं। कठिन परिस्थितियों में संगठन को खड़ा करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और योगदान को सहेजना संगठन की जिम्मेदारी है। उनके और उनके परिवारों से निरंतर संपर्क रखा जाए तथा नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और योगदान से परिचित कराया जाए।
सागर में आयोजित भाजपा की संभागीय बैठक को संबोधित करते हुए जामवाल ने कहा कि संगठन की सक्रियता केवल चुनाव के समय तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। बूथ से जिला स्तर तक पूरे वर्ष कार्यकर्ताओं की सक्रियता, नियमित बैठकें और आमजन से निरंतर संवाद जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम, पन्ना प्रमुखों की व्यवस्था और घर-घर संपर्क को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क और सेवा का माध्यम बने। स्कूलों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं, आंगनवाड़ी तथा अन्य सेवा गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए।
जामवाल ने संगठनात्मक स्तर पर अधूरे मंडल, शक्ति केंद्र और अन्य कार्यों को 30 सितंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से लगातार संपर्क रखने और उनकी समस्याओं को समझने की बात कही। युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने तथा पर्यावरण, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण, स्वदेशी और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों की जानकारी संकलित कर उन्हें संगठन से जोड़ा जाए। पार्टी स्थापना दिवस और पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती जैसे अवसरों पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं उनके परिवारों को सम्मानित करने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
बैठक को प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे तथा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी संबोधित किया। बैठक में मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, धर्मेंद्र लोधी, दिलीप अहिरवार, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. लता वानखेड़े सहित संभाग के जनप्रतिनिधि एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद अजय जामवाल, गौरव रणदिवे सहित भाजपा नेताओं ने सागर नगर मंडल के बूथ क्रमांक 163 पर बूथ समिति सदस्यों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और लोकतंत्र सेनानियों व वरिष्ठजनों का सम्मान किया।



