सागर
सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराकर फायरिंग करने वाले युवक को कैंट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर अपनी आपराधिक छवि दिखाने और लोगों में भय पैदा करने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान कैंट पुलिस को एक युवक के फोटो और वीडियो मिले, जिसमें वह देशी कट्टा प्रदर्शित करते हुए फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। पुलिस ने तकनीकी एवं मैदानी जांच के बाद युवक की पहचान शुभम पटेल पिता डालचंद्र पटेल, निवासी चंद्रशेखर वार्ड, सागर के रूप में की।
पहचान सुनिश्चित होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने कजलीवन मैदान के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25(1-बी) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस अब हथियार कहां से आया, सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री के संबंध और आरोपी की अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।
एक सप्ताह में दूसरी हथियार कार्रवाई
कैंट पुलिस के अनुसार क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर अवैध हथियार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ यह दूसरी प्रभावी कार्रवाई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित डोंगरे, एएसआई माधव, प्रधान आरक्षक खूबसिंह, आरक्षक प्रदीप शर्मा, आशीष यादव, सृजन तिवारी और भानु सहित कैंट पुलिस टीम की भूमिका रही।



