सागर। थाना मोतीनगर पुलिस ने अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं अलग कार्रवाई में जुआ खेल रहे आठ लोगों को भी रंगे हाथ पकड़कर उनके कब्जे से ₹8,320 नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को बीएमसी अस्पताल से सूचना मिलने पर घायल सोना कुर्मी (22) निवासी ग्राम सोमला के बयान दर्ज किए गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सुमन कुर्मी, सत्तू उर्फ सत्यनारायण कुर्मी और रामकुमार कुर्मी ने गाली-गलौज करते हुए उसे पकड़ लिया और सुमन कुर्मी ने कुल्हाड़ी से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे।
पीड़िता की शिकायत पर थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 812/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गुलाब बाबा मंदिर के सामने स्थित एक मकान पर दबिश देकर ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से ₹8,320 नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज किया।
थाना मोतीनगर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों, जुआरियों और अन्य असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
सराहनीय भूमिका:
हत्या के प्रयास के मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत सहित उप निरीक्षक जयसिंह, सउनि दीपचंद उईके एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं जुआ कार्रवाई में निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, सउनि भारत सिंह, प्रधान आरक्षक अरुण दुबे तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई को सफल बनाया।



