रिपोर्टर : शिंभू सिंह शेखावत
पाली। जिले के मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र में सिरियारी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 42 किलो 350 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डोडा पोस्त से भरी कार जब्त कर ली है।
जानकारी के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिरियारी थाना पुलिस ने काली घाटी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली। पुलिस ने पाया कि कार के आगे एक बाइक पर सवार दो युवक कार को एस्कॉर्ट कर रहे थे। संदेह होने पर पुलिस ने कार चालक सहित बाइक सवार दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
कार की तलाशी के दौरान उसमें से 42 किलो 350 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त कर लिया।
थानाधिकारी हुकम गिरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध डोडा पोस्त कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी। मामले की जांच जारी है।



