संवाददाता विजय निरंकारी
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में महिला डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से कथित अभद्रता का मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को डॉक्टरों और नर्सिंग कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ अस्पताल परिसर से सड़क पर उतर आए और घटना के विरोध में नारेबाजी की।
डॉक्टरों का आरोप है कि एक मरीज को वीआईपी सुविधा उपलब्ध नहीं कराए जाने से नाराज कुछ लोगों ने महिला डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना से आक्रोशित चिकित्सकों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हड़ताल शुरू कर दी।
हड़ताल के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं। प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास किया।



