रिपोर्टर: शिंभू सिंह शेखावत
सीकर जिले के नीमकाथाना क्षेत्र के निमोद स्थित पहाड़ी पर बने हिंगलाज माता मंदिर में दर्शन करने गया 5 वर्षीय बालक भावेश दूसरे दिन भी लापता है। घटना के बाद से परिजन चिंतित हैं तथा प्रशासन द्वारा बच्चे की तलाश के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश मीणा, तहसीलदार देवीलाल चौधरी, रेंजर जोगिंदर सिंह सहित पुलिस, वन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीण खोजबीन में जुटे हुए हैं। बच्चे की तलाश के लिए डॉग स्क्वॉड और ड्रोन कैमरे की सहायता भी ली जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
जानकारी के अनुसार भावेश अपने परिजनों के साथ हिंगलाज माता मंदिर में दर्शन करने आया था। इसी दौरान वह पानी पीने के लिए गया और अचानक लापता हो गया। बच्चे के पिता हरेंद्र ने बताया कि भावेश पांच दिन पहले ही अपने ननिहाल आया था और घटना के समय उसकी मां व अन्य परिजन भी उसके साथ मंदिर में मौजूद थे।
प्रारंभिक रूप से जंगली जानवर की आशंका भी जताई गई थी, लेकिन जंगल क्षेत्र में व्यापक सर्च अभियान के दौरान ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश मीणा ने बताया कि सदर थाना पुलिस को निमोद स्थित माता मंदिर से एक 5 वर्षीय बालक के लापता होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस एवं अन्य विभागों की टीमों द्वारा लगातार तलाश की जा रही है।




