रिपोर्टर— शिंभू सिंह शेखावत
पाटन
पाटन ग्राम पंचायत स्थित हजारों वर्ष पुराने देई माई माता मंदिर में बच्चों के जात-जड़ूला उतारने के लिए देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। रविवार को पाटन बस स्टैंड से किशोरपुरा गांव तक मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों और अन्य वाहनों की आवाजाही के चलते लंबा जाम लग गया। हालात ऐसे रहे कि सड़क पर पैदल चलने के लिए भी जगह नहीं बची।
श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर जाने वाले मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू नहीं होने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने पाटन पुलिस और प्रशासन से तत्काल यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित और आसानी से मंदिर तक पहुंच सकें।
ग्रामीणों ने ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाने, मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों को नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर या बैरिकेडिंग लगाने तथा भारी वाहनों और बड़ी गाड़ियों के लिए मंदिर के मुख्य द्वार से दूर अलग पार्किंग स्थल चिन्हित करने की मांग की है।
श्रद्धालुओं ने प्रशासन से अपील की है कि धार्मिक आयोजन के दौरान विशेष यातायात व्यवस्था बनाई जाए, जिससे बच्चों का जात-जड़ूला कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।




