
सागर
पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन मिथिलेश कुमार शुक्ला के सेवानिवृत्त होने पर सागर पुलिस परिवार ने उन्हें गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई दी। करीब 37 वर्षों की गौरवशाली पुलिस सेवा में उनके कुशल नेतृत्व, अनुशासन, प्रशासनिक दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा को वरिष्ठ अधिकारियों ने याद करते हुए मुक्तकंठ से सराहा।
विदाई समारोह में सागर संभाग के कमिश्नर, सीसीएफ, डीआईजी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया, पुलिस अधीक्षक दमोह, विशेष शाखा एवं लोकायुक्त के अधिकारी, 10वीं वाहिनी के अधिकारी, नगर निगम आयुक्त सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप, सागर एवं दमोह जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
DSP से IG तक, 37 साल का शानदार सफर मिथिलेश कुमार शुक्ला ने 1 अक्टूबर 1989 को DSP के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने मध्यप्रदेश के कई जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। शिवपुरी, दंतेवाड़ा, हरदा, बड़ामलहरा, बालोद, कोरबा और सेंधवा में SDOP/CSP के रूप में सेवाएं देने के बाद टीकमगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाली।
इसके बाद उन्होंने रीवा, नरसिंहपुर, सिवनी, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, सतना, कटनी और होशंगाबाद सहित विभिन्न जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दीं। DIG/IG के रूप में जबलपुर, रीवा, भोपाल और ग्वालियर जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर भी जिम्मेदारी निभाई।
राष्ट्रपति पुलिस पदक समेत कई सम्मान
श्री शुक्ला की उत्कृष्ट पुलिस सेवाओं को कई महत्वपूर्ण सम्मानों से नवाजा गया। वर्ष 2004 में राज्यपाल पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री पुरस्कार, वर्ष 2014 में सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक तथा वर्ष 2026 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से उन्हें सम्मानित किया गया।
कठिन परिस्थितियों में भी संयमित नेतृत्व की सराहना
विदाई समारोह में अधिकारियों ने उनके साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि श्री शुक्ला ने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मार्गदर्शन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी निर्णय लेने की क्षमता, शांत एवं संयमित कार्यशैली, सौम्य व्यवहार और कठिन परिस्थितियों में प्रभावी नेतृत्व को विशेष रूप से याद किया गया।
समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान माहौल भावुक हो गया। अधिकारियों ने उनके स्वस्थ, सुखद और मंगलमय भविष्य की कामना की।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि पुलिस सेवा से सेवानिवृत्ति केवल शासकीय दायित्वों से विराम है, जनसेवा की भावना से नहीं। श्री शुक्ला द्वारा पुलिस विभाग एवं समाज के लिए समर्पित किए गए 37 वर्ष आने वाली पीढ़ी के पुलिस अधिकारियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।
सागर पुलिस परिवार ने IG मिथिलेश कुमार शुक्ला को उनकी गौरवशाली सेवाओं के लिए नमन करते हुए भावभीनी विदाई दी।



