दमोह। जिंदगी में मुश्किलें कितनी भी बड़ी क्यों न हों, यदि हौसला मजबूत हो तो सफलता की उम्मीद कभी खत्म नहीं होती। दमोह के 95 प्रतिशत नेत्रहीन दिव्यांग युवक दीपक पटेल की संघर्षपूर्ण कहानी इसी जज्बे और उम्मीद की मिसाल है। कठिन पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद दीपक शिक्षा और रोजगार के अपने सपने को पूरा करने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
दीपक का परिवार भी दिव्यांगता की कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है। उनकी माताजी स्वयं नेत्रहीन दिव्यांग हैं, जबकि उनके छोटे भाई और पत्नी भी नेत्रहीन दिव्यांग हैं। परिवार का भरण-पोषण सीमित पेंशन के सहारे हो रहा है। इसके बावजूद परिवार ने कभी परिस्थितियों के सामने हार नहीं मानी और शिक्षा को अपने संघर्ष का हथियार बनाया।
शिक्षा के सहारे आगे बढ़ने का प्रयास
दीपक और उनके परिवार के सदस्यों ने कठिन परिस्थितियों के बीच शिक्षा हासिल की। योग्यता होने के बावजूद अभी तक परिवार के किसी सदस्य को शासकीय नौकरी नहीं मिल सकी है। दीपक रेलवे सहित अन्य विभागों में रोजगार हासिल करने के लिए लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
नेत्रहीन होने के कारण दीपक को परीक्षा में सहयोग के लिए एक ऐसे व्यक्ति की आवश्यकता होती है, जो परीक्षा केंद्र पर उनके साथ रहकर सहयोग कर सके। उपयुक्त सहयोगी नहीं मिलने के कारण उन्हें लंबे समय से कई परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मदद के लिए आगे आए सामाजिक कार्यकर्ता
दीपक की परेशानी की जानकारी एडवोकेट हरिश्चंद्र पटेल ‘गुड्डू’, सदस्य जिला विकास सलाहकार समिति, मध्यप्रदेश शासन, दमोह ने सतीश कुसमरिया को दी। दीपक की स्थिति को समझते हुए सतीश कुसमरिया ने मदद के लिए आगे आने का निर्णय लिया।
उन्होंने महज दो दिनों में खिलान सिंह परिहार को दीपक का परीक्षा सहयोगी बनने के लिए तैयार किया। खिलान सिंह और उनके माता-पिता ने भी इस पुनीत कार्य के लिए सहमति दी।
इसके बाद सतीश कुसमरिया अपने निजी वाहन से हटा से दमोह पहुंचे और दीपक तथा उनके सहयोगी खिलान सिंह को लेकर सागर रवाना हुए, ताकि दीपक रेलवे की परीक्षा दे सकें।
एक परीक्षा, एक उम्मीद और पूरे परिवार का भविष्य
दीपक के लिए यह परीक्षा महज एक प्रतियोगी परीक्षा नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार का भविष्य बदलने की उम्मीद है। नौकरी मिलने पर वे अपने परिवार को बेहतर जीवन देने के साथ आगे की शिक्षा जारी रखने और सम्मानजनक जीवन जीने का सपना पूरा करना चाहते हैं।
दीपक के संघर्ष में सहयोग करने वाले खिलान सिंह परिहार की पहल की सराहना की गई है। वहीं सतीश कुसमरिया द्वारा स्वयं वाहन चलाकर दीपक और उनके सहयोगी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के प्रयास को मानवीय संवेदना और सामाजिक सहयोग की मिसाल बताया गया।
सफलता के लिए मांगी दुआ
दीपक के जज्बे और संघर्ष को देखते हुए उनके शुभचिंतकों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि उनकी मेहनत रंग लाए और उन्हें रेलवे की परीक्षा में सफलता मिले। एडवोकेट हरिश्चंद्र पटेल ‘गुड्डू’ ने दीपक के संघर्ष को सलाम करते हुए समाज के लोगों से उनके लिए आशीर्वाद और शुभकामनाएं देने की अपील की है।
दीपक की कहानी समाज को यही संदेश देती है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि हौसला और उम्मीद जिंदा हो तो सफलता का रास्ता जरूर निकलता है।




