रिपोर्टर शिंभू सिंह शिखावत
पाटन। कस्बे के पुलिस थाने में बुधवार को बद्री प्रसाद मीणा ने नए थाना अधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। प्रशासनिक फेरबदल के तहत मीणा का स्थानांतरण नेछवा पुलिस थाने से पाटन किया गया है।
पदभार ग्रहण करने के बाद थाना अधिकारी बद्री प्रसाद मीणा ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना और आमजन को त्वरित न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया।
रमेश मीणा को नेछवा की जिम्मेदारी
वहीं, पाटन थाने के निवर्तमान थाना अधिकारी रमेश मीणा का तबादला नेछवा पुलिस थाने में किया गया है। रमेश मीणा ने पाटन थाने में करीब नौ माह तक सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा विभिन्न मामलों के त्वरित निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




