दिवंगत अधिवक्ता राजेन्द्र सोनी की बेटियों ने ज्ञान की विरासत जनहित में सौंपी, अधिवक्ता संघ ने किया सम्मानित
संक्षिप्त समाचार:
गढ़ाकोटा। दिवंगत अधिवक्ता राजेन्द्र सोनी की बेटियों ने अपने पिता की अमूल्य कानूनी विरासत को जनहित में समर्पित करते हुए उनकी 1303 दुर्लभ कानून संबंधी पुस्तकों का संग्रह गढ़ाकोटा न्यायालय की लाइब्रेरी को दान कर दिया। श्रीमती प्रीति सोनी, श्रीमती प्रियंका सोनी, कुमारी अंकिता सोनी तथा परिवार के अन्य सदस्यों ने इस प्रेरणादायी पहल के माध्यम से स्वर्गीय सोनी की स्मृतियों को जीवंत रखा।
सागर रोड स्थित नवनिर्मित न्यायालय के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में न्यायाधीश श्री अंबर श्रीवास्तव, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी आनंद कुमार लष्कार, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष जमील कुरैशी सहित वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं न्यायालयीन अधिकारियों ने परिजनों का सम्मान किया। वक्ताओं ने कहा कि ये 1303 पुस्तकें केवल किताबें नहीं, बल्कि स्वर्गीय राजेन्द्र सोनी की ज्ञान और न्याय की अमूल्य विरासत हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के अधिवक्ताओं के लिए मार्गदर्शक बनेंगी।



