जयपुर रिपोर्टर शिंभू सिंह शेखावत
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की EO/RO भर्ती परीक्षा-2022 के पेपर लीक और ब्लूटूथ डिवाइस से नकल कराने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹5 हजार की इनामी महिला अभ्यर्थी कोमल (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपी नागौर जिले के खजवाना गांव की निवासी है और लंबे समय से फरार चल रही थी।
SOG के अनुसार, कोमल गिरफ्तारी से बचने के लिए जोधपुर और नागौर में रिश्तेदारों के यहां छिपकर रह रही थी। जांच में सामने आया कि उसने परीक्षा के दौरान मोबाइल और ब्लूटूथ डिवाइस की मदद से नकल कर परीक्षा पास की थी।
जांच एजेंसी के मुताबिक, इस मामले में अब तक 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि पोखराज कालेर और उसके चाचा तुलछाराम कालेर ने संगठित नकल गिरोह बनाकर EO/RO परीक्षा का पेपर लीक कराया और ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए अभ्यर्थियों को नकल कराई।
SOG का दावा है कि नौकरी लगने के बाद कोमल और गिरोह के बीच ₹7 लाख देने का सौदा तय हुआ था। कोमल की गिरफ्तारी पर पहले से ₹5 हजार का इनाम घोषित था। उसे 27 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि इस पूरे प्रकरण के सामने आने के बाद RPSC ने EO/RO भर्ती परीक्षा रद्द कर दी थी। SOG का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नकल गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।



