विजय निरंकारी
निगमायुक्त राजकुमार खत्री का सख्त एक्शन, आनंद मंगल गुरु को कारण बताओ नोटिस, कई शाखाओं में नए प्रभार सौंपे
सागर
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कार्य में लापरवाही और प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता पाए जाने पर बड़ी कार्रवाई करते हुए स्थायीकर्मी राजेंद्र मलैया को निलंबित कर दिया है। वहीं राजेश सिंह राजपूत, आनंद मंगल गुरु, शईदउद्दीन कुरैशी और हरेंद्र खटीक को उनके प्रभारों से मुक्त कर विभिन्न शाखाओं में नए अधिकारियों की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार वाहन शाखा का प्रभार कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता को दिया गया है, जबकि आयुष शुक्ला और कृष्ण कुमार चौरसिया को सहायक प्रभारी बनाया गया है। कृष्ण कुमार चौरसिया को मजदूरी शाखा का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
स्वास्थ्य विभाग में सहायक आयुक्त तबस्सुम खान को प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी और शशांक रावत को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। आनंद मंगल गुरु से बाजार शाखा सहित सभी प्रभार वापस लेकर प्रभारी राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी को सौंप दिए गए हैं।
इसके अलावा तबस्सुम खान को जीपीएफ, पेंशन, लोक सूचना अधिकारी और एनपीएस शाखा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। फायर शाखा का प्रभार भी कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता को सौंपा गया है, जबकि कृष्ण कुमार चौरसिया एवं आयुष शुक्ला को सहायक फायर अधिकारी बनाया गया है।
निगमायुक्त ने स्वास्थ्य स्थापना शाखा के राजेंद्र सनकत का स्थानांतरण कर उन्हें पंतनगर जोन-8 में सफाई कार्य हेतु पदस्थ किया है।
आनंद मंगल गुरु को नोटिस
निगमायुक्त ने सहायक स्वच्छता अधिकारी आनंद मंगल गुरु को कर्मचारी संघों की मांगों के निराकरण में अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें एक दिन के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और दायित्वों के प्रति उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।



