सागर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहेरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सागर-बंडा रोड स्थित टोल प्लाजा के पास एक मारुति ब्रेजा कार से 27 पेटी अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 6.35 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध ब्रेजा कार (एमपी-15-सीबी-5064) को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार साहिल यादव (22) निवासी किसानी मोहल्ला, बंडा और अरविंद यादव निवासी वार्ड क्रमांक-14, बंडा के कब्जे से प्लेन सफेद शराब एवं सागर गोल्ड व्हिस्की की 27 पेटियां बरामद हुईं। इनमें करीब 243 लीटर शराब थी, जिसकी कीमत लगभग 1.35 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त करीब 5 लाख रुपये कीमत की मारुति ब्रेजा कार भी जब्त कर ली। कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 6.35 लाख रुपये है।
आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब शराब के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में की गई।



