सागर

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में चलाए जा रहे राज्य स्तरीय “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत गुरुवार को सागर जिले में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के नौवें दिन “व्यापारिक प्रतिष्ठान एवं बाजार जागरूकता दिवस” के अवसर पर छात्राओं, व्यापारियों और आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।
गर्ल्स डिग्री कॉलेज में आयोजित विशेष कार्यक्रम में डीएसपी प्रतिमा जैन एवं महिला थाना प्रभारी निरीक्षक संतोषी कनासिया ने करीब 150 छात्राओं और महाविद्यालय के प्राध्यापकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी केवाईसी अपडेट, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन निवेश ठगी, सोशल मीडिया सुरक्षा, फिशिंग, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग और साइबर यौन अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अधिकारियों ने छात्राओं को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग जानकारी, पासवर्ड या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर दें।
कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई तथा साइबर सुरक्षा विषयक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इधर, जिले के विभिन्न बाजारों, दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में व्यापारियों एवं पेट्रोल पंप संचालकों को क्यूआर कोड फ्रॉड और सुरक्षित डिजिटल भुगतान के संबंध में जागरूक किया गया। पुलिस ने सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति से क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान प्राप्त कर उसके बदले नकद राशि न दें तथा हर डिजिटल भुगतान की बैंक खाते में प्राप्ति की पुष्टि अवश्य करें। फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लेन-देन की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने की अपील की गई।
सागर पुलिस ने नागरिकों से साइबर अपराधियों के झांसे में न आने, सतर्क रहने और किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में बिना विलंब 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।



