रिपोर्टर: शिंभू सिंह शेखावत
पाटन। पाटन नीम का थाना बाईपास स्थित शिव भोले माइंस में हुई भारी ब्लास्टिंग के बाद फोरलेन सड़क पर एक विशाल पत्थर आ गिरा। घटना के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, हालांकि समय रहते पत्थर हटाए जाने से आवागमन सामान्य हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार माइंस में हुई तेज ब्लास्टिंग के कारण बड़ा पत्थर सीधे फोरलेन पर आ गिरा। उस समय सड़क पर कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि उस समय कोई वाहन गुजर रहा होता तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।
सूचना मिलने पर जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क पर गिरे पत्थर को हटाया गया, जिसके बाद यातायात को पुनः सुचारू रूप से चालू कराया गया।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने माइंस में की जा रही ब्लास्टिंग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से मामले की जांच और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।



