सलुम्बर
नगर के श्रमण भवन में विराजित आचार्य कल्प पुण्य सागर महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में जिन सहस्त्र नाम विधान का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। विधान में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भगवान के 1008 नामों की आराधना कर 1008 अर्घ्य समर्पित किए।
मुनि संघ के सुशील मिंडा ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को नगर के हाड़ारानी महल प्रांगण में आचार्य कल्प पुण्य सागर महाराज ससंघ के वर्षायोग स्थल 2026 की घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर पारसोला, उदयपुर, बांसवाड़ा, पीपलखूंट, धरियावद एवं स्थानीय समाज सलुम्बर सहित विभिन्न स्थानों से आए समाजजन आचार्य ससंघ के समक्ष अपने नगर में चातुर्मास कराने का निवेदन प्रस्तुत करेंगे। तत्पश्चात आचार्य श्री अपने आशीर्वचन प्रदान करते हुए वर्ष 2026 के चातुर्मास स्थल की घोषणा करेंगे।
मुनि संघ के कोषाध्यक्ष मणिलाल मालवी ने बताया कि शनिवार को श्रमण भवन में आचार्य ससंघ के सानिध्य एवं प्रतिष्ठाचार्य पंडित कमलेश सिंघवी के निर्देशन में जिन सहस्त्र नाम विधान आयोजित हुआ। इसमें सोधर्म इंद्र-इंद्राणी हेमलता देवी एवं राकेश कुमार ढालावत तथा कुबेर इंद्र-इंद्राणी कल्पना देवी एवं राजेंद्र कुमार ढालावत सहित सभी इंद्र-इंद्राणियों ने भगवान को 1008 अर्घ्य अर्पित किए।
सायंकालीन सभा में गुरु भक्ति के साथ भक्ताम्बर दीप अर्चना का आयोजन किया गया, जिसका लाभ दिनेशचंद्र कोदरलाल ढालावत परिवार ने प्राप्त किया। इस अवसर पर समाज के सेठ लक्ष्मीलाल ढालावत, संरक्षक धीरजमल भूता, सचिव गजेंद्र शाह, महावीर दोषी, कमलेश तोरावत, नरेंद्र कुमार मिंडा, प्रभुलाल दोषी, बदामीलाल सिंघवी, देवेंद्र भीमावत, महावीर गांधी, दिलेश कोठारी सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।




