जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और पेंशन प्रकरणों में देरी बर्दाश्त नहीं, नामांतरण-बंटवारा के लंबित मामलों पर कलेक्टर सख्त
सागर
कलेक्टर ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और पेंशन संबंधी मामलों को समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन सेवाओं में देरी के कारण किसी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग सुधारने तथा भूमि विवाद के कारण पंचायत भवन और आंगनबाड़ी भवन निर्माण में आ रही बाधाओं का तत्काल समाधान करने को कहा।
उपार्जन व्यवस्था, खाद-बीज वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए अतिरिक्त सुलभ शौचालय बनाने के निर्देश दिए। नरवाई प्रबंधन के लिए कृषि मशीनों की संख्या बढ़ाने, किसानों को इनके उपयोग के प्रति जागरूक करने और मशीनों पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के पंजीयन, संबल योजना के लंबित पंजीयन और मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने नशामुक्ति अभियान में सामाजिक न्याय विभाग, जन अभियान परिषद और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को सक्रिय भागीदारी निभाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



