सागर। कैंट थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का सागर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 62 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सना करीब साढ़े तीन किलो वजनी पत्थर भी बरामद किया है। मामले को सुलझाने में पुलिस कंट्रोल रूम और शहर के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर की रात रेलवे गेट क्रमांक 26 के ओवरब्रिज के नीचे चिरई कॉलोनी के पास एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतिका की पहचान शांतिबाई अहिरवार के रूप में की। मामले में कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 615/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी रोहित डोंगरे के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास और शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। रेलवे स्टेशन, शनि मंदिर, भगवानगंज तिराहा और चौकसे चौराहा सहित विभिन्न स्थानों के फुटेज का मिलान करने पर एक संदिग्ध ऑटो चालक की गतिविधियां सामने आईं।
मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दौलतराम उर्फ ऋषभ कुमार अहिरवार (62), निवासी बड़ा करीला, संत रविदास वार्ड, सागर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।
चरित्र संदेह में की हत्या
पुलिस के अनुसार, मृतिका और आरोपी पिछले करीब पांच वर्षों से अलग रह रहे थे। दोनों के बीच आपसी विवाद और चरित्र संदेह को लेकर तनाव था। 16 नवंबर की रात करीब 9 से 9:30 बजे आरोपी महिला को बातचीत के बहाने रेलवे गेट क्रमांक 26 के ओवरब्रिज के नीचे ले गया। वहां विवाद बढ़ने पर उसने पहले महिला का गला दबाया और फिर पास पड़े भारी पत्थर से सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त करीब 3.5 किलोग्राम वजनी खून से सना गोल चपटा पत्थर जब्त किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी, सीएसपी ललित कश्यप के मार्गदर्शन में कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे, कंट्रोल रूम प्रभारी आरकेएस चौहान सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



