जयपुर। राजस्थान के उद्यमियों को आधुनिक तकनीक और अनुभवी कारोबारियों के साझा अनुभवों से जोड़ने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय मंच ‘प्राइवेट कम्युनिटी’ के राजस्थान चैप्टर का शुभारंभ शनिवार को जयपुर में किया गया। जयपुर मैरियट होटल में आयोजित कार्यक्रम में कम्युनिटी के सह-संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय बिजनेस ग्रोथ मेंटर मैक श्रीनिवासन ने इसकी कार्यप्रणाली और उद्देश्यों की जानकारी दी।
व्योमिका नेक्सस प्राइवेट लिमिटेड की पहल पर शुरू हुए इस मंच के माध्यम से उद्यमियों को कारोबार विस्तार, नेतृत्व, नवाचार, उत्तराधिकार योजना और व्यावसायिक चुनौतियों पर चर्चा का अवसर मिलेगा। मैक श्रीनिवासन ने कहा कि कई बार कारोबारी महत्वपूर्ण निर्णयों पर खुलकर चर्चा नहीं कर पाते। ऐसे में अनुभवी उद्यमियों के सुझाव और अलग-अलग दृष्टिकोण बेहतर निर्णय लेने में सहायक होते हैं।
उन्होंने बताया कि 11 देशों में सक्रिय यह कम्युनिटी इटली से शुरू हुई थी। इसके AI आधारित प्लेटफॉर्म COMBINE™ के माध्यम से कारोबारी जानकारियों का विश्लेषण कर संभावित रणनीतियों को समझने में मदद मिलेगी। मैक श्रीनिवासन को 35 वर्षों से अधिक का अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक अनुभव है और वे दुनिया भर में दो लाख से अधिक उद्यमियों को संबोधित कर चुके हैं। वे सिंगापुर स्थित द अबंडेंट ग्रुप के सीईओ भी हैं।
राजस्थान में इस पहल का नेतृत्व रीजनल प्रेसिडेंट दिव्य अग्रवाल के साथ आर्किटेक्ट प्रियंक गुप्ता, पीयूष गुप्ता और दर्शन कोठारी कर रहे हैं। मंच से बिल्डर्स, आर्किटेक्ट्स, डॉक्टरों, अस्पताल संचालकों, होटल व्यवसायियों, ज्वेलर्स और उद्योगपतियों को जोड़ने की योजना है।



