वाराणसी/रिपोर्टर : शिंभू सिंह शेखावत
श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा की ओर से हनुमान घाट स्थित बड़े हनुमान जी मंदिर में शनिवार को वार्षिक हनुमान जयंती समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मंदिर को फूलों की मालाओं और रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया। बड़े हनुमान जी का दिव्य शृंगार कर विधिवत भोग-आरती एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।
हरिगिरि महाराज के आदेशानुसार आयोजित इस धार्मिक समारोह में देशभर से साधु-संतों और श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती रही। श्रद्धालुओं ने बड़े हनुमान जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
समारोह की व्यवस्थाओं का जायजा थानापति आनंद गिरि महाराज एवं रुद्रानंद सरस्वती ने लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। आयोजन में मुकेश सिंह कोठारी, योगेश्वरानंद, संतोष मिश्रा, दिनेश मिश्रा और जितेंद्र उपाध्याय सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।
आयोजन के तहत शनिवार रात्रि 12 बजे हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। वहीं रविवार को श्रद्धालुओं एवं संत-महात्माओं के लिए दिव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा।



