रिपोर्टर: शिंभू सिंह शेखावत
ग्रामीणों की मांग-जल निकासी की तत्काल व्यवस्था कर सड़क को दुरुस्त करवाए प्रशासन
पाटन। नीमकाथाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत समिति पाटन के समीप ग्राम मोहनपुरा खरकड़ा में मुख्य सड़क पर लंबे समय से पानी और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सड़क का हिस्सा दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे पैदल राहगीरों और बाइक चालकों के लिए आवाजाही मुश्किल बनी हुई है।
ग्रामीण रिटायर्ड फौजी वासुदेव शर्मा ने बताया कि सड़क पर कीचड़ जमा होने के कारण पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। बाइक चालकों को फिसलने का खतरा बना रहता है। वहीं लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण आसपास मच्छर और मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे ग्रामीणों को संभावित बीमारियों को लेकर चिंता बनी हुई है।
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर जल निकासी की तत्काल व्यवस्था कराने, सड़क पर जमा कीचड़ हटवाने तथा क्षतिग्रस्त हिस्से की आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि केवल अस्थायी रूप से पानी निकालने के बजाय जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बारिश के दौरान दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से सड़क की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई करने और आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।



