जहरीली शराब प्रकरण के मुख्य आरोपी मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर और साथी आशीष साहू को लगी गोली, दो देशी कट्टे व 5 राउंड बरामद
सागर, 23 सितंबर। जहरीली शराब प्रकरण में थाना बड़ा एवं विनायका क्षेत्र के मुख्य आरोपियों में शामिल ₹30 हजार के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर से सागर पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में मनीष लोधी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी आशीष साहू भी घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मनीष लोधी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान बुधवार दोपहर करीब 3 बजे नोनिया–सेसई रोड घाटी, थाना मालथौन क्षेत्र में पुलिस टीम का बदमाशों से सामना हो गया।
पुलिस का कहना है कि मनीष लोधी और आशीष साहू ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इसमें मनीष लोधी के पैर में गोली लगी। वहीं, भागने का प्रयास कर रहा आशीष साहू भी घायल हो गया।
मौके से पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टे, पांच राउंड कारतूस और एक बेसबॉल डंडा बरामद किया है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।




