पुलिस को देखकर आरोपी ने किए तीन फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; कट्टा, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद
सागर
बंडा जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे ₹30 हजार के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत पिता धर्मेंद्र राजपूत (21), निवासी ग्राम छापरी, थाना बंडा को सागर पुलिस ने रविवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार था और उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवांजय बहरोल थाना क्षेत्र के कठुआ नाला के पास जंगल से होकर धामोनी-बहरोल मार्ग की ओर से अपने गांव छापरी जाने की कोशिश कर सकता है। सूचना पर बांदरी थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह और बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जंगल की घेराबंदी कर सर्चिंग शुरू की।
पुलिस के मुताबिक घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। उसने पुलिस टीम को लक्ष्य कर तीन फायर किए। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियार और अन्य सामग्री के संबंध में पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शराब के अवैध कारोबार और बंडा जहरीली शराब प्रकरण से जुड़े फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई लगातार जारी है। मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




