सागर
बाघराज आवासीय कॉलोनी में नगर निगम की कार्रवाई के बाद अब बिना अनुमति बिजली कनेक्शन लेने वालों और अवैध रूप से मकानों में रहने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। मंगलवार को निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कॉलोनी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ रहवासियों द्वारा नगर निगम की NOC लिए बिना विद्युत कनेक्शन लिए जाने की बात सामने आई।
निगमायुक्त ने अनाउंसमेंट के जरिए कॉलोनीवासियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिनका बिजली बिल बकाया है, वे नगर निगम में 200 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से पुराने बकाया बिल का भुगतान कर NOC प्राप्त करें और इसके बाद ही वैध विद्युत कनेक्शन लें।
उन्होंने बिना NOC लिए विद्युत कनेक्शन लेने वालों को तत्काल कनेक्शन अलग करने की हिदायत दी। निगमायुक्त ने चेतावनी दी कि यदि बिना अनुमति विद्युत कनेक्शन जारी रखा गया तो संबंधित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अवैध कब्जाधारियों और किरायेदारों को भी चेतावनी
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने बाघराज आवासीय कॉलोनी में अवैध रूप से कब्जा कर रहने वालों और मकान किराए पर देकर रहने वाले लोगों को भी सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग तत्काल आवास खाली करें।
निगम के मुताबिक, अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आवास में तालाबंदी की जाएगी, जबकि आवास को किराए पर देकर कमाई करने वालों के आवास निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले नगर निगम ने बाघराज आवासीय कॉलोनी में निगम के माध्यम से की जा रही बिजली सप्लाई बंद करने की कार्रवाई की थी। इसके बाद कई रहवासियों ने बकाया बिजली बिल जमा कर NOC प्राप्त की और नए विद्युत मीटर लगवाए हैं। अब निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना NOC बिजली कनेक्शन और आवास में अवैध कब्जे को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




