तेज बहाव और अंधेरे के बीच SDRF जवानों ने जान जोखिम में डालकर सभी बच्चों को सुरक्षित निकाला, परिजनों को सौंपा
सागर। आबचंद गुफा क्षेत्र में शनिवार शाम गदेरी नदी के तेज बहाव के बीच पानी से घिरे 9 बच्चों को सागर पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बचा लिया। करीब 4 किलोमीटर घने जंगल और दुर्गम रास्ते से पैदल पहुंची टीम ने अंधेरे, तेज बहाव और जंगली जानवरों के खतरे के बावजूद बच्चों तक पहुंचकर उन्हें एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।
शनिवार शाम करीब 6:50 बजे डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि आबचंद गुफा क्षेत्र में गदेरी नदी के बीच 9 बच्चे पानी से घिरे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग शुरू कर दी और संबंधित विभागों को तत्काल रेस्क्यू के निर्देश दिए।
आबचंद गुफा की ओर से बच्चों तक पहुंचना मुश्किल होने पर पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने आबचंद गांव की ओर से दूसरा रास्ता चुना। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी और एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा स्वयं टीम के साथ करीब 4 किलोमीटर घने जंगल और दुर्गम रास्ते से पैदल घटनास्थल की ओर बढ़े। ग्रामीणों की मदद, जीपीएस नेविगेशन और सर्चलाइट के सहारे टीम बच्चों के करीब पहुंची।
नदी के तेज बहाव के बीच उतरे SDRF जवान
पानी का तेज बहाव और चारों ओर पानी होने के कारण रेस्क्यू बेहद जोखिमपूर्ण था। होमगार्ड कमांडेंट भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ जवानों ने नदी में उतरकर बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस, होमगार्ड, एसडीआरएफ और ग्रामीणों के समन्वित प्रयास से सभी 9 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया।
रेस्क्यू किए गए बच्चों में रिया अहिरवार (19), उपासना अहिरवार (20), सानिया अहिरवार (18), निक्की उर्फ निकिता अहिरवार (19), डाली अहिरवार (16), राज अहिरवार (18), राजा अहिरवार (17), नीरज अहिरवार (18) और सिया अहिरवार (17) शामिल हैं। सभी इंजीनियरिंग कॉलेज रोड, बहेरिया, सागर के निवासी बताए गए हैं।
रेस्क्यू के बाद सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। स्वस्थ पाए जाने पर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस साहसिक अभियान में थाना प्रभारी गढ़ाकोटा गौरव तिवारी, थाना प्रभारी रहली संजय ऋषीश्वर, चौकी शाहपुर प्रभारी उप निरीक्षक मनीषा, थाना प्रभारी बहेरिया शशिकांत गुर्जर, कंट्रोल रूम प्रभारी आर.के.एस. चौहान सहित पुलिसकर्मियों और एसडीआरएफ जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




