सागर
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को 60 सीटों की मंजूरी मिली है। यह उपलब्धि डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर के पिछले दो वर्षों से किए जा रहे प्रयासों का परिणाम बताई गई है। वर्ष 2024 में नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश पर रोक लगने के बाद संस्थान की व्यवस्थाओं में सुधार और पुनः मान्यता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
60 सीटों की मंजूरी से सागर सहित दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी के विद्यार्थियों को क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी।
नर्सिंग शिक्षा के विस्तार से बीएमसी सहित क्षेत्र के शासकीय अस्पतालों को प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ मिलने की उम्मीद है, जिससे मरीजों की देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का आभार व्यक्त किया। बीएमसी मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ जैन ने कहा कि 60 सीटों की मंजूरी संस्थान के शैक्षणिक और चिकित्सकीय विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।




