
30 सितंबर से 31 अक्टूबर तक लागू रहेगी व्यवस्था, श्रद्धालुओं को मिलेगी आवागमन में सुविधा
नई दिल्ली/ रिपोर्टर विजय निरंकारी
79वें वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय निरंकारी संत समागम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। समागम के अवसर पर भोडवाल माजरी स्टेशन पर 50 ट्रेनों को अस्थायी रूप से 2 मिनट का ठहराव दिया जाएगा।
रेल प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह विशेष व्यवस्था 30 सितंबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान विभिन्न मार्गों पर संचालित प्रमुख ट्रेनों का भोडवाल माजरी स्टेशन पर आगमन और प्रस्थान निर्धारित समय के अनुसार होगा।
इन प्रमुख ट्रेनों को मिलेगा ठहराव
अस्थायी ठहराव पाने वाली ट्रेनों में झेलम एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस, स्वराज एक्सप्रेस, सर्वोदय एक्सप्रेस, गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, केरला संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस, जम्मू मेल और नेताजी एक्सप्रेस सहित कुल 50 ट्रेनें शामिल हैं।
ट्रेनों को भोडवाल माजरी स्टेशन पर दो मिनट के लिए रोका जाएगा। संबंधित ट्रेनों का ठहराव समय अलग-अलग निर्धारित किया गया है। यात्रियों और श्रद्धालुओं को अपनी ट्रेन के निर्धारित समय की जानकारी यात्रा से पहले जांचने की सलाह दी गई है।
139 और NTES से लें ट्रेन की अपडेट जानकारी
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले ट्रेनों के अद्यतन समय, संचालन और ठहराव की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा NTES ऐप के माध्यम से प्राप्त करें।
रेल प्रशासन का यह निर्णय 79वें वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय निरंकारी संत समागम में देशभर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवागमन को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




